संदिग्ध अवस्था मे 10 वर्षीय किशोर का शव उसके घर मे लटका मिला
- शव के कान से निकल रहा था खून व गले में था काला निशान, पुलिस छानबीन में जुटी
बसंत कुमार, नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा पार बैकठपुर दुधेला, शाहपुर दियारा में सोमवार की दोपहर करीब 3 बजे संदिग्ध हालत में 10 साल के एक किशोर का शव उसके ही फूंस के घर में गमछे से बांस की बल्ली के सहारे लटका हुआ पाया गया।
मृतक किशोर जयपुर चुहर पश्चिम पंचायत के चौहद्दी गांव के बसंत मंडल का 10 वर्षीय पुत्र अमित कुमार उर्फ डोभी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह देर शाम दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। मृतक के शव के कान में खून लगा था और गले मे निशान पाया गया है। मृतक दो भाई, एक बहन में सबसे छोटा है।
बताया जाता है कि घटना के वक्त मृतक के घर मे कोई नही था। पिता भैंस चराने गए थे, भाई संतोष कुमार 15 वर्ष थ्रेसर पर दोनी कर रहे थे, 13 वर्षीय बहन नेहा बहियार में काम कर रही थी और माँ वीणा देवी पड़ोस में ही शौच करने के लिए गई हुई थी। घटना को लेकर गाँव मे तरह-तरह की चर्चा लोगों के जुबां पर हो रही है। मृतक के पिता बसंत मंडल ने बताया कि वह भैंस चराने बहियार गया था, पड़ोसियों ने जाकर बताया तो वह दौड़ते हुए घर आया। बताया कि पड़ोसी शिव मंडल से पूर्व से विवाद चल रहा था, घटना से चार दिन पहले से लगातार बसंत और शिबू मंडल के बीच गाली गलौज और जान मारने की धमकियां दी जा रही थी।
पिछले वर्ष पडोस के शिबू मंडल का पुत्र रूदल मंडल उसकी पत्नी वीणा देवी को लेकर भाग गया था, छह माह बाद महिला घर लौटकर आई थी। इसी बात को लेकर शिबू मंडल और बसंत के बीच विवाद चल रहा था। जिसको लेकर बिहपुर थाने में वीणा देवी ने प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। मृतक की माँ वीणा देवी रो-रोकर कह रही थी हमरा बेटा केय मारी देलकै हो। वीणा ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले अमित बिस्किट खाने के लिए माँ से पैसे मांग रहा था। वह अमित को पैसे देने की बात कहकर शौच के लिए चली गई इसी बीच किशोर अपने ही घर मे ठाठ से लटका हुआ बरामद हुआ।
मृतक की बहन नेहा कुमारी ने बताया कि घटनास्थल पर सवर्प्रथम वही आई थी, देखा की दो महिला घर के समीप खड़ी थी। नेहा जब घर पहुंची तो भाई को लटका देखकर हल्ला करने लगी, जिसके बाद बाहर खड़ी दोनो महिला वहां से फरार हो गई। बहन ने बताया की घटना के दिन सोमवार की सुबह भी शिव मंडल से विवाद हुआ था। जिसपर मृतक किशोर ने शिबू को गाली गलौज कर दिया था। शिबू ने किशोर को गला दबाने की धमकी दिया था। पिता बसंत मंडल ने कहा कि घटना कैसे हुई इस बारे में कुछ नही जानता है, पड़ोसी शिबू मंडल पर आशंका जताते हुए घटना को अंजाम देने की बात बता रहा है। इधर ग्रामीणों में यह भी चर्चा हो रही है कि मृतक की माँ वीणा देवी क्रूर-कठोर चरित्र की है।।
दो बार बच्चे को अकेले छोड़कर घर से फरार हुई है, उसने ही घटना को अंजाम दिया है या शामिल है। खैर मामला जो भी हो परंतु समझने वाली बात है कि 10 वर्षीय किशोर आखिर खुद गले मे फंदा कैसे लगा सकता है ? और अगर आत्महत्या ही है तो फांसी लगाकर मरना, यह किशोर ने कैसे सोच लिया? मरने के लिए तो बगल के गंगा की बड़ी धार में भी छलांग लगाकर आत्महत्या कर सकता था। सत्यता जो भी हो यह पुलिस जांच में सही तरीके से तहकीकात के बाद सामने आ ही जाएगा। मामले को लेकर बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया। परिजन की ओर से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज किया जाएगा। मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है, घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उसपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।