इंकलाब इंडिया:- बॉलीवुड सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह इज बैक। पिछले दिनों पत्नी शालिनी तलवार से तलाक को लेकर वह सुर्खियों में थे। उनकी शादीशुदा जिंदगी काफी चर्चा में रही। फिलहाल, वह दोबारा चर्चा में हैं, लेकिन इस बार अपने नए म्यूजिक एल्बम को लेकर। हनी सिंह, एक बार फिर अपने गाने से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने एक छोटी वीडियो क्लिप के जरिये इसकी अनाउंसमेंट की है।
नए एल्बम के साथ एक बार फिर हाजिर हैं हनी सिंह
रैप के बादशाह कहे जाने वाले हनी सिंह ने हिंदी सिनेमा को एक से बढ़कर एक गाने दिए हैं। 8-10 साल पहले गाए उनके गानों का जादू आज भी लोगों के सिर पर चढ़कर बोलता है। ‘ब्लू आईज’, ‘दिल चोरी’ , ‘लव डोज’ आदि गानों में रैपिंग करके हनी सिंह ने म्यूजिक इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है।
हालांकि, कुछ समय के लिए वह बुरे दौर से भी गुजरे हैं। जैसे, म्यूजिक इंडस्ट्री से वह गायब हो गए हों। इस दौरान उन्हें कहीं भी कभी स्पॉट नहीं किया गया। न उनके कोई गाने रिलीज हो रहे थे, न ही उन्हें लेकर कोई खबर थी। हर ओर बस चर्चा थी तो ये कि क्या हनी सिंह दोबारा वापसी करेंगे? फिलहाल, हनी सिंह ‘3.0’ एल्बम अपने फैंस को डेडिकेट करने जा रहे हैं, जो उनके बुरे दौर में उनके साथ खड़े रहे।
लाइमलाइट से दूर थे हनी सिंह
हनी सिंह की जिंदगी में एक वक्त ऐसा आया था, जब वह लाइमलाइट से काफी दूर चले गए थे। इतने दूर कि एल्बम रिलीज करना तो दूर की बात है। वह किसी से बात तक नहीं करते थे। करीब 18 महीनों तक यह सब चलता रहा। इसके बाद कैमरे और लाइमलाइट की दुनिया में वापसी की तो बताया कि वह बाइपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहे थे और इसलिए अपने आप को पूरी तरह से हर किसी से अलग कर दिया था। जब वो ठीक होकर वापस आए तो उनके लुक्स में काफी बदलाव देखा गया। ठीक होने के बाद उन्होंने ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ में अपनी आवाज दी। इस फिल्म में हनी सिंह ने ‘दिल चोरी साड्डा हो गया’ गाया था।