डुमरिया बुजुर्ग गांव में कलश विसर्जन के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं का जनसैलाब

श्रवण आकाश, खगड़िया की कलम से
खगड़िया जिले के विभिन्न प्रखंडों में विजयादशमी के दिन मां दुर्गा के अंतिम दर्शन करने के लिये मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं का जनसैलाब। जहां खासकर खगड़िया बाजार के सन्हौली दुर्गा मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में स्थापित प्रतिमा का विसर्जन श्रद्धा एवं भक्ति के साथ किया गया। वहीं खासकर परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मन्दिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी पड़ी थी। खासकर विजयादशमी के दौरान प्रातः कालीन बेला में स्थानीय महिलाएं मां दुर्गा को खोईछा देने, भोजनी एवं हवन व आरती करने की परंपरा निभाई गई। साथ ही श्रद्धालुओं ने अपने – अपने माथे पर जयंती धारण किया। जिसके उपरांत बुधवार को नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी गई। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा जय माता दी, जय दुर्गे आदि की जयकारे से वातावरण गुंजायमान हो उठा। साथ ही साथ शंख व घंटे की भी गुंज विभिन्न क्षेत्रों में सुनाई दिया और महिलाओं के द्वारा नम आंखों से विदाई गीत गाया गया।



वहीं प्रखंड क्षेत्र के नयागांव, बिशौनी आदि विभिन्न दुर्गा मंदिर सहित अन्य मंदिरों में स्थापित प्रतिमा का विसर्जन काफी धुमधाम एवं गाजे बाजे के साथ किया गया। उधर परबत्ता के श्री चतुर्भुजी माँ दुर्गा मंदिर, वैष्णवी दुर्गा खजरैठा, सार्वजनिक वैष्णवी दुर्गा मंदिर मड़ैया, शिरोमणि टोला नयागांव दुर्गा मंदिर , स्वर्ण दुर्गा नयागांव सतखुट्टी, सिराजपुर दुर्गा मंदिर, ड्योढ़ी भरतखंड दुर्गा मंदिर, कुल्हड़िया दुर्गा मंदिर, थेभाय दुर्गा मंदिर, चकप्रयाग दुर्गा मंदिर, तेमथा राका दुर्गा मंदिर , खनुआ राका दुर्गा मंदिर, अगुवानी दुर्गा मंदिर, सार्वजनिक दुर्गा मंदिर डुमरिया खूर्द, नवटोलिया दुर्गा मंदिर आदि में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को नम आंखो से विदाई दी गई। प्रतिमा विसर्जन के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।



जबकि अगुवानी डुमरिया बूजुर्ग गांव में पुरानी परंपरा के तहत गाजे बाजे के साथ सामुहिक रूप से कलश विसर्जन किया गया। जहां कलश विसर्जन शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में महिला व पुरूषों ने भाग लिया। कलश विसर्जन शोभा यात्रा गांव भ्रमण के बाद भक्त जनो ने अगुवानी गंगा घाट में कलश को विसर्जित किया। परबत्ता प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हर वर्ष खासकर ऐसा देखा जाता है कि सियादतपुर अगुआनी पंचायत के डुमरिया बुजूर्ग गांव में शारदीय नवरात्रा के दौरान घर-घर में कलश पूजन व भव्य रूप से विसर्जन शोभा यात्रा अनोखी होती है। जिसको लेकर प्रखंड के विभिन्न हिस्सों के लोग डुमरिया बुजुर्ग कलश विसर्जन की मनोरम दृश्य देखने पहुंचते हैं। वहीं इस वर्ष बेहतरीन नजारा देखने को तो तब मिली जब अगुवानी जीएन बांध के समीप सियादतपुर अगुआनी पंचायत की मुखिया स्मृति कुमारी के द्वारा कृत्रिम रूप से कलश और हजारों श्रद्धालुओं के माथे पर फूलों की वर्षा की गई। जहां स्थानीय लोगों द्वारा मुखिया स्मृति कुमारी के इस कार्य की लोगों ने जमकर प्रशंसा की। उधर मोजाहिदपुर, श्रीरामपुर ठुठ्ठी, कवेला, महद्दीपुर, परबत्ता, करना, खीराडीह , विष्णुपुर मंदिर , सतीश नगर में भी स्थापित कलश का विसर्जन श्रद्धा व भक्ति के साथ किया गया। प्रतिमा विसर्जन के बाद मंदिर प्रागंण में उपस्थित श्रद्धालु एक – दूसरे से गले मिलकर प्रेम का इजहार किया और बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। वहीं सुख, शांति व समृद्धि की कामना की गई।



वहीं विसर्जन के मनोरम दृश्य को देखने और हजारों की संख्याओं में श्रद्धालुओं का साथ देने और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने नयागांव सतखुट्टी समेत अन्य जगहों पर परबत्ता जदयू विधायक डॉ संजीव कुमार भी मां की विदाई के विभिन्न जगहों पर माता रानी के विसर्जन में पहुंचे। वहीं मेले के दौरान उन्होंने कई जगहों पर कार्यक्रमों का भी उद्घाटन किया। जहां मौके पर परबत्ता विधायक डॉ संजीव कुमार के साथ जदयू चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार, मीडिया प्रभारी साकेत कुमार, विधायक प्रतिनिधि ध्रुव कुमार शर्मा, मनमन बाबा, मिथलेश कुमार, युवा मुखिया राहुल कुमार, मणिभूषण राय, मुखिया संघ के अध्यक्ष बालकृष्ण शर्मा, गौतम पोद्दार आदि शामिल थे। मालूम हो कि बुधवार की देर शाम तक यहां के आधे दर्जन जगहों पर स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया गया।
