बिहार की सियासत से जुड़ी यह सबसे बड़ी खबर है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) के जनता दल यूनाइटेड (JDU) में विलय की बात कुछ और आगे बढ़ी है। सूत्रों के अनुसार अंतिम दौर की बातचीत के बाद आरएलएसपी सुप्रीमाे उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) की अंतिम स्वीकृति मिलते ही पार्टी का जेडीयू में विलय हो सकता है। बताया जा रहा है अगर सबकुछ ठीक रहा तो यह विलय 10 दिनों में हो सकता है। बहुत संभव है कि यह 15 मार्च तक हो जाए। इसके साथ ही उपेंद्र कुशवाहा करीब दो साल बाद फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हो जाएंगे। उपेंद्र कुशवाहा की बातों से इसके संकेत मिले हैं। इस मामले में राजनीति भी गरमाती दिख रही है।
अपना-अपना आधार मजबूत करने में जुटे नीतीशा व कुशवाहा
बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2020) में कमजोर होने के बाद जेडीयू अपना आधार मजबूत करने की कवायद में जुटा है। इसके तहत उसकी नजर कुशवाहा समाज (Kushwaha Community) पर है। इसे देखते हुए जेडीयू में प्रदेश अध्यक्ष का पद इस समुदाय से आने वाले उमेश कुशवाहा को दिया गया है। बिहार में कुशवाहा समाज के बड़े नेता आरएलएसपी सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के जेडीयू में आने के बाद पार्टी में यह समीकरण और मजबूत हो जाएगा, यह तय है। उधर, गत लोक सभा चुनाव (Lok Sabha Election 2019) के वक्त एनडीए छोड़ महागठबंधन (Mahagathbandhan) के साथ गए उपेंद्र कुशवाहा कालक्रम में महागठबंधन (Grand Alliance) से भी अलग हो चुके हैं। विधानसभा चुनाव में भी उन्हें निराशा हाथ लगी। इसके बाद उन्हें भी राजनीतिक जमीन की तलाश है।